जांजगीर-चांपा,15 फरवरी(वेदांत समाचार)। अकलतरा जनपद पंचायत के युवा सदस्य सानु संकर्षण सिंह का सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सांकर सहित पूरे अंचल में शोक की लहर दौड़ गई। मिलनसार और लोकप्रिय युवा चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले सानु संकर्षण सिंह के अचानक चले जाने से क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 21, सांकर निवासी सानु संकर्षण सिंह शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे अपने घर से रिसदा-मुलमुला स्थित अपनी बुआ से मिलने बाइक से निकले थे। वे राष्ट्रीय राजमार्ग 49 के रास्ते रिसदा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुलीडीह के पास ओवरब्रिज पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने अकलतरा थाना और 112 पर सूचना दी। तत्काल उन्हें अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही अकलतरा जनपद पंचायत के सदस्य, उनके परिचित और समर्थक बड़ी संख्या में शोक व्यक्त कर रहे हैं। उनके सरल स्वभाव, सभी से प्रेमपूर्वक मिलने की आदत और सक्रिय जनसेवा के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे।
जानकारी के अनुसार, उनकी शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। वे दो भाइयों में छोटे थे। इतनी कम उम्र में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। उनके असामयिक निधन से अकलतरा और आसपास के गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है।
