Vedant Samachar

ऑनलाइन सट्टा-जुआ पर कबीरधाम पुलिस का प्रहार, एक आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
2 Min Read

कवर्धा,09 फरवरी(वेदांत समाचार) । पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में कबीरधाम जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ जैसी अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र कुमार बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में थाना कवर्धा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालन में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

थाना कवर्धा पुलिस द्वारा 8 फरवरी को की गई कार्रवाई में राजा उर्फ सतप्रीत सिंह खुराना, निवासी कवर्धा, को मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलते और खिलाते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा में प्रयुक्त मोबाइल फोन सहित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद कर जप्त किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कबीरधाम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ, अवैध धन लेन-देन और इससे जुड़े नेटवर्क को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे आरोपी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हो या पर्दे के पीछे रहकर संचालन कर रहा हो, सभी को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और जुआ जैसी गतिविधियों से दूर रहें। यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आर्थिक और सामाजिक रूप से भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Share This Article