Vedant Samachar

दो लाख के मुआवजे पर समझौता आधी रात को प्रदर्शन खत्म…

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा ,15 फरवरी(वेदांत समाचार)। हरदीबाजार में वाहन चालक की लापरवाही से गर्भवती महिला शशि सूर्यवंशी की मौत के मामले में ग्रामीणों द्वारा किया गया चक्काजाम गत रात्री 12 बजे समाप्त हो सका। वाहन मालिक और प्रशासन द्वारा कुल 2 लाख 15 हजार का मुआवजा फौरी तौर पर देना तय हुआ।

अन्य कार्यवाही बाद में होगी। शनिवार को दोपहर मुड़पार बाजार क्षेत्र में यह घटना भोलाराम सूर्यवंशी के घर हुई थी। बुडग़हन के रास्ते जा रहे हाईवा ने गलत दिशा से रास्ता बदला और घर में जा घुसा। एक स्थान पर बर्तन मांज रही शशि सूर्यवंशी इस घटना की चपेट में आयी और उसकी मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मृतका का शव रखकर कई घंटे प्रदर्शन किया और चुनौतियां खड़ी कर दी। हमारे हरदीबाजार संवाददाता ने बताया कि रात्रि 12 बजे तक चक्काजाम जारी रहा ।

इसके चलते दोनों रास्तों पर आवाजाही बाधित रही। सैकड़ों की संख्या में वाहनों की लाइन लगने से परेशानियां बढ़ीं। सीएसपी दर्री विमल पाठक, तहसीलदार राजभानू के अलावा अन्य प्रशासनिक अधिकारी सहित हरदीबाजार, कुसमुंडा और दीपका थाने के टीआई ने यहां पर मोर्चा संभाला। अंतिम रूप से वाहन मालिक ने यहां पहुंचकर मृतका शशि सूर्यवंशी के परिजनों को दो लाख रूपए मुआवजा देना तय किया। वहीं अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन की ओर से 15 हजार रूपए दिए गए। इस विकल्प को उचित मानते हुए जाम समाप्त किया गया और आवागमन बहाल किया गया। बताया गया कि मृतका के जीवन बीमा का क्लेम दिलवाने के लिए प्रशासन आगे अपनी ओर से भरपूर सहयोग करेगा। रोजगार को लेकर कोई चर्चा मौके पर नहीं हुई।

Share This Article