Vedant Samachar

CG NEWS : 21 किलो गांजा जब्त, एक गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायगढ़ ,15 फरवरी(वेदांत समाचार)। रायगढ़ ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को चक्रधर नगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बालसमुंद नाला के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की कार की डिक्की से 21.378 किलो गांजा जब्त किया है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस को दोपहर में पुख्ता सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन ओडिशा सीमा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पहाड़ मंदिर रोड, बालसमुंद नाला के पास नाकेबंदी की गई। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार नंबर सीजी 13 एएम 3522 को रोककर जांच की गई। वाहन से संदिग्ध गंध आने पर चालक से पूछताछ की गई, जिसने कार में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।

वाहन की डिक्की की तलाशी लेने पर 20 पैकेट में भरा 21.378 किलो गांजा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान अजित सिंह, पिता बाबा सिंह (50 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, चांदमारी स्कूल के पीछे, थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह झारसुगुड़ा से गांजा खरीदकर रायगढ़ में बेचने के लिए ला रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख रुपए मूल्य का गांजा, 8 लाख रुपए की कार और मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।

Share This Article