जांजगीर-चांपा, 14 फरवरी । जांजगीर चांपा पुलिस ने मेला परिसर में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा और उनके कब्जे से दो नग धारदार हथियार जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद आज दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय द्वारा विशेष निर्देश जारी किए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को हाई स्कूल मैदान स्थित मेला ग्राउंड में पेट्रोलिंग के लिए लगाया गया था।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि मेले में कुछ युवक धारदार हथियार लहराते हुए लोगों को डरा रहे हैं और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण उर्फ सागर बंजारे (24 वर्ष), निवासी खड़पड़ी पारा जांजगीर और रितेश राठौर (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 21 खड़पड़ी पारा जांजगीर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक धारदार हथियार बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना स्टाफ के उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर तथा आरक्षक विनोद राठौर, नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत और दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही।
