रायपुर,14 फरवरी(वेदांत समाचार)। आज वेलेंटाइन डे पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पार्क, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा ड्यूटी में पुरुष के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल क्रिसमस के दौरान मैगनेटो मॉल में हुए उत्पात को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
शहर के प्रमुख स्थानों जैसे ऊर्जा पार्क, मैगनेटो मॉल, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान, मोतीबाग गार्डन, कलेक्ट्रेट गार्डन, निगम गार्डन और राम मंदिर सहित कई जगहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वेलेंटाइन डे के दौरान किसी भी तरह की हुड़दंग, छेड़छाड़ या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मनचले युवकों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल एक्शन लिया जाएगा।
साथ ही पुलिस प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि यदि कोई संगठन या समूह युवक-युवतियों को अनावश्यक रूप से परेशान करता है या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और संयम बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
