Vedant Samachar

Bilaspur ब्रेकिंग: कोटा थाने में हंगामा और गाली-गलौज, कांग्रेस नेता समेत 6 से अधिक लोगों पर एफआईआर

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर, 05 फरवरी (वेदांत समाचार,)। कोटा थाना परिसर में गाली-गलौज और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता सहित छह से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में कार्रवाई तब हुई, जब थाने के भीतर हुए बवाल का वीडियो सामने आया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों पर केस दर्ज करने के निर्देश दिए। इससे पहले स्थानीय स्तर पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने और मामले को दबाने की कोशिश के आरोप भी सामने आए हैं।

जानकारी के अनुसार, कोटा के चंडी माता चौक क्षेत्र में रहने वाले कांग्रेस नेता और क्रशर संचालक संतोष मिश्रा तथा ठेकेदार राम सोनी के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान संतोष मिश्रा ने राम सोनी के साथ गाली-गलौज की और उसे थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। इस पर राम सोनी भड़क गया और उसने संतोष मिश्रा को जमीन पर पटककर मारपीट की। मौके पर मौजूद राम सोनी के परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, जिसके बाद संतोष मिश्रा वहां से चला गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद संतोष मिश्रा तलवार लेकर वापस लौटा और राम सोनी पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में कोटा थाने पहुंच गए, जिससे थाने में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। दोनों पक्ष एफआईआर दर्ज कराने को लेकर पुलिस पर दबाव बनाते रहे।

इसी दौरान थाना परिसर में संतोष मिश्रा और राम सोनी के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। दोनों एक-दूसरे को गाली देते रहे और थाने में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि इतनी गंभीर घटनाओं के बावजूद स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश करते रहे।

थाने में गाली-गलौज और हंगामे का वीडियो जब एसएसपी रजनेश सिंह के संज्ञान में आया, तो उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही माना। एसएसपी ने थाना प्रभारी नरेश चौहान को कड़ी फटकार लगाते हुए थाने का माहौल खराब करने और पुलिस के काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएसपी के निर्देश के बाद हरकत में आई पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा समेत छह से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article