Vedant Samachar

बिलाईगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में किया चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलाईगढ़,14 फरवरी(वेदांत समाचार)। बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पवनी में 11 फरवरी की रात हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लाखों की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। टेंट में काम करने वाला कर्मचारी ही शातिर चोर निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के जेवर, नगदी और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।

प्रार्थी रामलाल साहू (58 वर्ष) ने 12 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे परिवार सहित कार खरीदने कसडोल गए थे। रात करीब 10 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर, 3000 रुपये नगद तथा आधार कार्ड गायब थे।

रिपोर्ट पर थाना बिलाईगढ़ में अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने शादी समारोह में आए टेंट, कैटरिंग और कैमरा कर्मचारियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कौशिक प्रधान नामक युवक संदिग्ध व्यवहार करते मिला।

डॉग स्क्वॉड की मदद से संदेह पुख्ता हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की पहचान कौशिक प्रधान (19 वर्ष), निवासी अमलीडीह थाना गिधौरी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 तोला 2 ग्राम सोने के जेवर (कीमत लगभग 5,59,000 रुपये), 800 ग्राम चांदी के जेवर (कीमत लगभग 1,79,500 रुपये), 3000 रुपये नगद तथा घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 30,000 रुपये) जब्त की। कुल बरामदगी लगभग 7,71,000 रुपये आंकी गई है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय और एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना बिलाईगढ़ की टीम, साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड की विशेष भूमिका रही।

Share This Article