रायगढ़,14 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने धरमजयगढ़ वन मंडल के समरसुता नाला क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान लगभग 60 टन अवैध रूप से निकाला गया कोयला और एक चेन-माउंटेड मशीन जब्त की गई। छापेमारी जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में पुलिस बल और ग्रामीणों की उपस्थिति में की गई।
वन मंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि 2 फरवरी को अवैध उत्खनन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही खनिज एवं वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान अवैध उत्खनन कर संचित किया गया करीब 60 टन कोयला जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान चेन-माउंटेड मशीन भी बरामद की गई।
हालांकि मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। जब्त कोयला खनिज विभाग ने अपने कब्जे में लिया, जबकि मशीन वन विभाग ने जब्त की। दोनों को विधिवत थाना प्रभारी को सुपुर्द कर दिया गया है। वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वाहन की राजसात कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मामले की प्रारंभिक सूचना न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, धरमजयगढ़ को भेज दी गई है। अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए सतत गश्त और निगरानी जारी रहेगी। फरार आरोपियों की तलाश के साथ विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
