Vedant Samachar

रायगढ़ के खरसिया में उठाईगिरी का खुलासा: 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी व दस्तावेज बरामद

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 13 फरवरी 2026। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हमालपारा में मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे नगदी से भरे बैग की उठाईगिरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित बैग और अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जवाहर कॉलोनी खरसिया निवासी व्यवसायी विनोद अग्रवाल ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी 2026 की रात लगभग 9:30 बजे वह हमालपारा स्थित एक दुकान के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर बैग और थैला हैंडल में टांगकर अंदर गया था। वापस लौटने पर बैग और थैला गायब मिले। बैग में 8 से 9 हजार रुपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की। छापेमारी कर राजू महंत (35 वर्ष) और अंकित वैष्णव (27 वर्ष), दोनों निवासी हमालपारा तालाब पार खरसिया, को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी राजू महंत के कब्जे से 4,000 रुपये नगद और काला बैग बरामद किया, जिसमें पीड़ित के पहचान दस्तावेज थे। वहीं अंकित वैष्णव से 4,000 रुपये नगद और चोरी किया गया थैला, जिसमें पानी की बोतलें रखी थीं, बरामद की गईं। दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर सतत निगरानी रखी जा रही है और उठाईगिरी व चोरी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगे भी त्वरित और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील भी की गई है।

Share This Article