भोपाल। शहर के निशातपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक रिहायशी कॉलोनी में स्थित सेप्टिक टैंक से टिन के डिब्बे में पैक अज्ञात महिला का सड़ा हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पुलिस को उस समय मिली जब स्थानीय लोगों ने सेप्टिक टैंक के पानी में एक संदिग्ध डिब्बा तैरते देखा।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों की मदद से डिब्बे को बाहर निकाला। डिब्बा खोलने पर उसके भीतर एक महिला का सड़ा हुआ शव मिला। प्रारंभिक आकलन के अनुसार शव तीन से चार दिन पूर्व सेप्टिक टैंक में डाला गया प्रतीत होता है। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।
स्थानीय निवासियों द्वारा पहचान न किए जाने पर पुलिस ने आशंका जताई है कि हत्या संभवतः किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और सबूत मिटाने की नीयत से शव को यहां लाकर फेंका गया। महिला की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए हमिदिया अस्पताल भेज दिया गया है और प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सेप्टिक टैंक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है। पुलिस सूत्रों के अनुसार समीपवर्ती ईरानी डेरा क्षेत्र आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। हाल ही में पुलिस ने निशातपुरा इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान भी चलाया था, जिसमें विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों के सिलसिले में महिलाओं सहित 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था। इस अभियान में नौ एसीपी सहित 400 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे।
