मुंबई । स्वयंभू 2026 की सबसे ज़्यादा चर्चा में रहने वाली पैन-इंडिया फिल्मों में से एक बन चुकी है, जिसमें कार्तिकेय फेम निखिल सिद्धार्थ लीड रोल में नजर आएंगे। इसे एक भव्य ऐतिहासिक फिल्म के तौर पर बनाया गया है और इसमें संयुक्ता, नाभा नटेश और नवाब शाह भी अहम किरदार निभा रहे हैं। भारतीय इतिहास, आध्यात्मिकता और प्रतीकों से जुड़ी यह फिल्म दमदार विज़ुअल्स और भावनाओं से भरपूर सिनेमाई अनुभव देने का दावा करती है।
उत्सुकता को और बढ़ाते हुए मेकर्स ने अब स्वयंभू का बहुप्रतीक्षित टीज़र जारी कर दिया है, जो दर्शकों को इसकी दुनिया की एक झलक दिखाता है। भारत के गौरवशाली स्वर्ण युग की पृष्ठभूमि में सेट यह टीज़र विरासत, वीरता और सांस्कृतिक महत्व से जुड़ी कहानी पेश करता है। कहानी के केंद्र में है सेंगोल, एक प्राचीन पवित्र राजदंड, जो धर्म, न्याय और नैतिक नेतृत्व का प्रतीक माना जाता है। मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम से जुड़ी कथाओं से प्रेरित यह सेंगोल धर्म के मार्ग पर शासन करने वाले शासक को सौंपा गया था।
कहानी सेंगोल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां इसे हासिल करने के लिए अलग-अलग राज्यों के बीच भीषण युद्ध और आक्रमण होते हैं। इस उथल-पुथल के बीच एक निडर योद्धा सामने आता है, जो संतुलन और धर्म की स्थापना के लिए संघर्ष करता है। टीज़र में निखिल सिद्धार्थ बेहद दमदार नए अवतार में नजर आते हैं, जहां उनका रग्ड लुक और जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस कहानी की तीव्रता को और मजबूत करते हैं।
टीज़र अपने शानदार विज़ुअल्स, बड़े स्तर के युद्ध सीन और डिटेल्ड प्रोडक्शन डिज़ाइन के साथ तुरंत ध्यान खींचता है, जो फिल्म के भव्य पैमाने और सिनेमाई ट्रीट को साफ दिखाता है। मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव और दमदार स्टोरीटेलिंग के चलते स्वयंभू को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त एक्साइटमेंट है, खासकर उन लोगों में जो बड़े पर्दे पर ऐसी गहरी और असरदार कहानियां देखने के लिए उत्साहित हैं।
भारत कृष्णमाचारी द्वारा लिखी और निर्देशित इस फिल्म का संगीत KGF और सलार फेम रवि बसरूर ने दिया है। वहीं बाहुबली और RRR के सिनेमैटोग्राफर केके सेंटिल कुमार इसके शानदार विज़ुअल्स को संभाल रहे हैं, जबकि एडिटिंग की कमान बाहुबली फेम तम्मिराजू के हाथ में है। इनके साथ कई और नामचीन टैलेंट्स भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं, जो इसे और खास बनाते हैं।
स्वयंभू को पिक्सल स्टूडियोज़ के भुवन और श्रीकर ने प्रोड्यूस किया है। भारत के समृद्ध इतिहास और उसकी कालजयी विरासत को एक भव्य श्रद्धांजलि के रूप में पेश की जा रही यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, चीनी, स्पेनिश और अरबी समेत कई भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज़ की जाएगी। स्वयंभू समर 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।
