रायगढ़,12 फरवरी(वेदांत समाचार) रायगढ़ में चांदमारी रोड पर कार सवार दो युवतियों से फिल्मी स्टाइल में छेड़खानी के मामले में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार को भी जप्त कर लिया है, जबकि मामले में शामिल चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए सघन पतासाजी जारी है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी को पीड़िता ने महिला थाना में आवेदन देकर बताया कि 9 फरवरी की रात करीब 11 बजे वह अपनी ममेरी बहन के साथ कार से दवाई लेने रायगढ़ जा रही थीं। चांदमारी रोड पर वे कार रोककर आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं, तभी पीछे से नीले रंग की ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवक पहुंचे और अशोभनीय टिप्पणियां व गंदे इशारे करने लगे। युवतियां वहां से निकल गईं, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते रहे।
रियापारा तिराहा चौक के पास आरोपियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर सामने अड़ा दिया। एक युवक कार से उतरकर अशोभनीय हरकत करते हुए अपना नाम प्रदीप पटेल बताया, जबकि अन्य युवक भी अश्लील टिप्पणियां करते रहे। घटना से घबराई युवतियों ने बाद में इसकी शिकायत महिला थाना में दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। महिला थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस लाइन और कोतवाली थाना स्टाफ के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दी। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार क्रमांक CG13 AW 2410 ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने मिली, लेकिन वह फरार था। आगे की जांच में पता चला कि घटना के दिन वाहन नरेन्द्र महावर चला रहा था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता और संगम त्रिपाठी निवासी सतीगुड़ी चौक रायगढ़ के साथ मिलकर युवतियों का पीछा कर रास्ता रोककर छेड़खानी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र महावर, पिता नथोली राम महावर, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 1 चांवसारी भवानी स्कूल के पास, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
