जांजगीर-चांपा, 10 फरवरी। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम नरियरा में दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर एक नवविवाहिता द्वारा जहर सेवन कर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने पति सहित सास और ससुर को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80 और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका जागृति श्रीवास का विवाह वर्ष 2024 में महेश कुमार श्रीवास, निवासी नरियरा के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद शुरुआती एक माह तक सब सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद दहेज को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति द्वारा मारपीट कर शारीरिक रूप से भी प्रताड़ना दी जाती थी, जबकि सास-ससुर द्वारा भी लगातार गाली-गलौज और दबाव बनाया जाता था।
बताया गया कि 8 दिसंबर 2025 को पति द्वारा मारपीट और सास-ससुर के दुर्व्यवहार से परेशान होकर जागृति श्रीवास ने घर में रखे “Zura” नामक कीटनाशक का सेवन कर लिया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा शव पंचनामा कार्रवाई कराई गई और परिजनों के बयान दर्ज किए गए।
मर्ग जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दहेज में कम सामान लाने की बात कहकर विवाह के एक माह बाद से ही मृतिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। जांच के आधार पर थाना मुलमुला में मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएस दर्ज कर विवेचना की गई। साक्ष्यों के आधार पर पति महेश कुमार श्रीवास (26 वर्ष), ससुर अशोक कुमार श्रीवास (53 वर्ष) और सास राजकुमारी श्रीवास (54 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 36/2025 धारा 80, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी प्रदीप सोरी के नेतृत्व में टीम गठित कर तीनों आरोपियों को 10 फरवरी 2026 को ग्राम नरियरा से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तारी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक मालती लहरे एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
