Vedant Samachar

दिल्ली में प्रेमी ने दी जान, खबर मिलते ही बिलासपुर में नाबालिग प्रेमिका ने उठाया खौफनाक कदम

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर ,10 फरवरी(वेदांत समाचार)। प्यार और बिछड़ने के गम में दो जिंदगियां उजड़ गईं। दिल्ली से लेकर बिलासपुर तक फैली इस दुखद दास्तां ने सबको झकझोर कर रख दिया है। बैकुंठपुर की रहने वाली एक 16 वर्षीय किशोरी ने अपनी बुआ के घर (तोरवा क्षेत्र) में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रेमी की मौत से टूट गई थी किशोरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि नाबालिग कुछ समय पहले अपने प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी। परिजनों ने उसे खोज निकाला और समझा-बुझाकर वापस ले आए। उसे घर ले जाने के बजाय तोरवा में रिश्तेदार के पास रखा गया था। इसी बीच रविवार को उसके प्रेमी ने दिल्ली में फांसी लगाकर जान दे दी है। इस सूचना ने किशोरी को पूरी तरह तोड़ दिया था।

मुझे मरना है… कहकर सोई थी नाबालिग

परिजनों के अनुसार, प्रेमी की मौत के बाद से ही वह गुमसुम थी और बार-बार जान देने की बात कह रही थी। घरवाले रात भर उस पर नजर रखे हुए थे और उसे भविष्य पर ध्यान देने की समझाइश दे रहे थे। सोमवार सुबह उसने सबके साथ नाश्ता भी किया, लेकिन जैसे ही सुबह 11 बजे परिजन काम में व्यस्त हुए, उसने कमरे में जाकर अपनी ही चुन्नी से फंदा बना लिया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक पूछताछ में प्रेम प्रसंग और वियोग के कारण आत्महत्या की बात सामने आई है।

Share This Article