गरियाबंद, 10 फरवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अश्लील डांस प्रकरण के बाद पद से हटाए गए तत्कालीन मैनपुर एसडीएम तुलसीदास मरकाम के दोबारा कार्यालय में बैठकर कामकाज करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बिना किसी नए प्रशासनिक आदेश के वे फिर से एसडीएम कार्यालय में बैठ रहे हैं, ज्ञापन ले रहे हैं, क्षेत्रीय दौरे कर रहे हैं और सरकारी कार्यक्रमों में भी शामिल हो रहे हैं। इस पर जिला प्रशासन ने आपत्ति जताते हुए कई बार नोटिस जारी किए हैं।
प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार मैनपुर एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार फिलहाल देवभोग एसडीएम के पास है। इसके बावजूद तुलसीदास मरकाम द्वारा कार्यालयीन गतिविधियां संचालित किए जाने को नियमविरुद्ध माना जा रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कार्यालय रिकॉर्ड, ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से नोटिस भेजे गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक नोटिस जारी होने के बाद भी संबंधित अधिकारी द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया गया। स्थिति को देखते हुए नोटिस की तामील सुनिश्चित कराने के लिए कलेक्टर को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। प्रशासन ने आगे की कार्रवाई के तहत उनकी आधिकारिक वेबसाइट आईडी भी ब्लॉक कर दी है, ताकि वे किसी भी प्रकार के आदेश, सुनवाई या अन्य शासकीय कार्यवाही संचालित न कर सकें।
जिला प्रशासन की ओर से मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध पदस्थापना आदेश के किसी भी शासकीय पद का कार्यभार संभालना नियमों के विरुद्ध है और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।
