दुर्ग ,10 फरवरी(वेदांत समाचार)। दुर्ग जिले में अपराध नियंत्रण को मजबूत करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम में थाना प्रभारियों औक राजपत्रित अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। क्राइम मीटिंग में जांच की गुणवत्ता, लंबित मामलों की स्थिति, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, प्रशासनिक अनुशासन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने अधिकारियों को 16 बिंदुओं पर काम करने के निर्देश दिए। गंभीर और संवेदनशील अपराधों में त्वरित, निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों, फरार वारंटियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। अवैध हथियार, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में थाना प्रभारियों को प्रतिदिन थाना गणना उपस्थित सुनिश्चित करने, स्थानीय जन-शिकायतों का त्वरित निराकरण करने, गंभीर अपराधों की सूचना समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों में थाना प्रभारी स्वयं एफआईआर दर्ज करेंगे। सभी आरक्षकों के लिए A-B नोटबुक संधारण अनिवार्य किया गया, जिसका साप्ताहिक निरीक्षण थाना प्रभारी करेंगे। रात्रिकालीन गश्त के प्वाइंट बढ़ाने, थाना मुख्यालय में रात्रि मुकाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
समस्त थाना प्रभारी प्रतिदिन प्रातः अथवा सायंकालीन समय में थाना गणना उपस्थित अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे।
स्थानीय स्तर पर प्राप्त जन-शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाएगा।
गंभीर व संवेदनशील अपराधों की सूचना समय पर संबंधित राजपत्रित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से दी जाएगी।
गंभीर प्रकृति के मामलों में थाना प्रभारी स्वयं एफआईआर दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे।
समस्त आरक्षक A-B नोटबुक का संधारण करेंगे, जिसका साप्ताहिक निरीक्षण थाना प्रभारी करेंगे।
थाना प्रभारी थाना मुख्यालय में रात्रि मुकाम अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे।
अवैध नशे, मादक पदार्थों, नशा तस्करी के विरुद्ध सतत व प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
विधानसभा सत्र को ध्यान में रखते हुए बीट व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाएगी, बीट प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिस कार्यालय से प्राप्त पत्राचार का समय-सीमा में अवलोकन कर आवश्यक जवाब प्रस्तुत किया जाएगा।
नेफिस (NAFIS) प्रणाली का बीट सिस्टम के माध्यम से शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
गांजा व अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध NDPS व आबकारी अधिनियम के तहत निरंतर कार्रवाई कर जब्त सामग्री का विधिवत नष्टीकरण कराया जाएगा।
धारा 41(1-4) के तहत जप्त वाहनों, धारा 34(2) आबकारी के तहत जप्त शराब का वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
ई-चालान, ई-समन, ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
लंबित प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों व मर्ग प्रकरणों का शीघ्र व विधिसम्मत निराकरण किया जाएगा।
रात्रिकालीन गश्त ड्यूटी के प्वाइंट बढ़ाए जाएंगे।
थाने में आने वाले सभी लोगों से सम्मानपूर्वक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।
NAFIS, ई-चालान और डिजिटल सिस्टम पर जोर
बैठक में नेफिस (NAFIS) प्रणाली के शत-प्रतिशत पालन पर विशेष जोर दिया गया। बीट व्यवस्था को मजबूत रखने, विधानसभा सत्र के दौरान सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। ई-चालान, ई-समन, ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
गांजा और अन्य मादक पदार्थों पर NDPS अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत निरंतर कार्रवाई करने, जब्त सामग्री का नियमानुसार नष्टीकरण कराने की बात कही गई। जप्त वाहनों व शराब के मामलों में वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
