Vedant Samachar

दोपहर में भी शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विशेष अभियान में 6 चालक गिरफ्तार, 93 पर चालान

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 09 फरवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वाहन दुर्घटनाओं के समय का अध्ययन किया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि बड़ी संख्या में हादसे दिन के समय भी हो रहे हैं। अध्ययन में यह भी पाया गया कि कई वाहन चालक दोपहर में भी शराब पीकर वाहन चला रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने विशेष रणनीति बनाकर दोपहर के समय सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया और बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर वाहनों की सघन जांच की।

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों को पकड़कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 93 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है और आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन न चलाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Share This Article