नई दिल्ली, 12 मई : IPL कई खिलाड़ियों के लिए अपनी पहचान बनाने का मंच बना है और अब उस कड़ी में माधव तिवारी का भी नाम जुड़ गया है. IPL की पिच पर माधव तिवारी का डेब्यू तो पिछले सीजन ही हो गया था. मगर मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले उस इकलौते डेब्यू मुकाबले के बाद उन्हें फिर खेलने का उस सीजन मौका नहीं मिला. हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स का भरोसा उन पर बरकरार रहा. जिसने IPL 2026 के लिए उन्हें रिटेन किया और पंजाब किंग्स के खिलाफ 11 मई को खेलने का मौका दिया. दिल्ली फ्रेंचाइजी के जताए उस भरोसे पर माधव तिवारी 100 प्रतिशत खरे उतरे.
PBKS vs DC मैच में माधव तिवारी कैसे बने हीरो?
माधव तिवारी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के लिए ऑलराउंड खेल दिखाया. उन्होंने अपने दमदार परफॉर्मेन्स से खुद के अंदर छिपे ऑलराउंडर से पूरी दुनिया को अवगत कराया. IPL 2026 में अपना पहला और IPL करियर का सिर्फ दूसरा मैच खेल रहे माधव तिवारी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 4 ओवर में 40 रन देकर प्रियांश आर्या और कूपर कॉनोली जैसे दो बड़े बल्लेबाजों को आउट किया. इसके बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का भी नमूना पेश किया, जब 211 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 8 गेंदों में नाबाद 18 रन ठोके और टीम को जीत दिलाकर आए. इस ऑलराउंड खेल के लिए माधव तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
छोटे शहर से आया, बड़े तेवर साथ लाया
माधव तिवारी मध्यप्रदेश के एक छोटे से शहर मऊगंज से आते हैं. मगर छोटे शहर वाले इस खिलाड़ी के तेवर बड़े हैं. शुरू-शुरू में तो इन्हें सिर्फ बल्लेबाजी ही पसंद थी. गेंदबाजी से दूर भागते थे क्योंकि उसमें थकान होती थी. लेकिन, फिर उनके कोच ने उन्हें उनकी असली ताकत का एहसास कराया, जिसने उन्हें कम्पलीट क्रिकेटर बनाने में मदद की.
अमय खुरसिया ने की बेहतरीन ऑलराउंडर बनने में मदद
इंदौर में रहकर क्रिकेट का ककहरा सीखने वाले माधव तिवारी के करियर में टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर अमय खुरसिया का बड़ा रोल रहा है. उन्होंने माधव के करियर को संवारते हुए उन्हें बेहतर ऑलराउंडर बनने में मदद की. माधव तिवारी की तरह अमय खुरसिया भी मध्य प्रदेश से ही आते हैं, जिन्होंने भारत के लिए 12 वनडे मैच खेले. इनमें से 10 मैच उन्होंने साल 1999 में खेले. उन्होंने 13.54 की औसत से 149 रन बनाए. खुरसिया ने 2007 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया. इसके बाद वे कोचिंग और कमेंट्री की फील्ड में उतर गए.
क्या हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे माधव तिवारी?
अब सवाल है कि क्या टीम इंडिया में माधव तिवारी हार्दिक पंड्या की जगह ले पाएंगे? फिलहाल नीतीश रेड्डी और शिवम दुबे उस रेस में हैं. मगर माधव तिवारी के दमखम को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. उनमें वो दम दिखता है. वो बॉडी लैंग्वेज से कॉन्फिडेंट नजर आते हैं. और, जैसा कि पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को जिताने के बाद उन्होंने कहा भी है कि वो 100 प्रतिशत बल्लेबाज हैं और 100 प्रतिशत गेंदबाज भी हैं.

