मुंबई। द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड का टीज़र पहली फिल्म से कहीं ज़्यादा शार्प और इंटेंस नज़र आता है। नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों की परेशान करने वाली कहानी दिखाती है, जिनके किरदार उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया निभा रही हैं। तीनों की ज़िंदगी उस वक्त अंधेरे में उतरने लगती है, जब वे तीन मुस्लिम युवकों के साथ रिश्ते में आती हैं। जो कहानी प्यार से शुरू होती है, वह धीरे-धीरे एक साजिश भरे और डरावने सच को उजागर करती है, जिसका केंद्र धार्मिक धर्मांतरण है। जहां फिल्म को लेकर उत्साह लगातार चरम पर पहुंच रहा है, वहीं इसी बीच फिल्म का बेहद भावुक गीत ‘ओ माई री’ रिलीज़ किया गया है, जिसने दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोर कर रख दिया है।
मां और बच्चे के अटूट रिश्ते को समर्पित बेहद भावुक गीत ‘ओ माई री’ रिलीज़ हो चुका है। श्रेया घोषाल की आवाज़ में उतरा यह गाना दिल को सीधे छू जाता है। मन्नन शाह की सोलफुल कंपोज़िशन और मनोज मुंतशिर के भावनाओं से भरे बोल इस गीत को और भी खास बना देते हैं। यह गाना उस अपनापन, सुरक्षा और बेशर्त प्यार को महसूस कराता है, जो हर मां के दिल में बसता है। एक ऐसी धुन जो खत्म होने के बाद भी मन में गूंजती रहती है और सुकून भरे पलों में किसी हल्के से आलिंगन की तरह आपको अपने भीतर समेट लेती है।
इसके अलावा ‘ओ माई री’ विपुल अमृतलाल शाह और श्रेया घोषाल की एक और यादगार जादुई पेशकश है। इससे पहले भी इस जोड़ी ने कई खूबसूरत गाने दिए हैं, जिनमें फोर्स (2011) का ‘मैं चली’, एक्शन रिप्ले (2010) के ‘ओ बेख़बर’, ‘बाकी मैं भूल गई’ और ‘तेरा मेरा प्यार’ जैसे ट्रैक्स शामिल हैं, जिन्हें आज भी लोग बेहद पसंद करते हैं।
टीज़र में गूंजता डायलॉग ही फिल्म की असली आत्मा और तेवर बता देता है-“अब सहेंगे नहीं… लड़ेंगे!”
‘द केरल स्टोरी’ के जबरदस्त असर के बाद, जिसने अपनी बेबाक कहानी से पूरे देश को झकझोर दिया था, इसका सीक्वल और भी आगे जाने का वादा करता है-कम्फर्ट ज़ोन से बाहर, खामोशी से परे और इनकार से आगे। कामख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज़ बियॉन्ड’ को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आशिन ए शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले इसे को-प्रोड्यूस किया है। फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
