0.गली से ग्लोबल तक: डॉ. श्रीकांत शिंदे की अगुवाई में टेनिस क्रिकेट की ऐतिहासिक उड़ान
मुंबई : भारत में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि जुनून है और अब यही जुनून टेनिस क्रिकेट के ज़रिये एक नए प्रोफेशनल मुकाम की ओर बढ़ रहा है। 8 फरवरी 2026 को ठाणे में आयोजित टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया की पहली वार्षिक जनरल मीटिंग और प्रेस कॉन्फ्रेंस न सिर्फ़ संगठनात्मक विस्तार की गवाह बनी, बल्कि भारतीय टेनिस क्रिकेट के भविष्य की दिशा भी तय कर गई। इस ऐतिहासिक मौके पर शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे को सर्वसम्मति से आईटीसीएसएफ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। एक ऐसा नाम, जो युवा ऊर्जा, दूरदृष्टि और प्रोफेशनल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट के लिए जाना जाता है।
आईपीएल की तर्ज़ पर टेनिस क्रिकेट को एक संगठित, प्रोफेशनल और राष्ट्रीय पहचान दिलाने के संकल्प के साथ डॉ. शिंदे ने साफ़ शब्दों में कहा कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को मंच मिलना चाहिए और टेनिस क्रिकेट वही मंच बन सकता है। देश-विदेश से आए राज्य अध्यक्षों की मौजूदगी, आईटीसीएसएफ के नए लोगो का अनावरण और नियुक्ति पत्रों का वितरण, यह सब मिलकर इस बात का संकेत था कि टेनिस क्रिकेट अब केवल शौक नहीं, बल्कि करियर और संभावनाओं का नया रास्ता बनने जा रहा है।
