सोहागपुर, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। धनपुरी प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं से प्रभावित 15 भू-आश्रितों को दिनांक 08 फरवरी 2026 को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। यह कार्यक्रम शहडोल जिले में रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल, क्षेत्र की सांसद हिमाद्रि सिंह, विधायक जय सिंह मरावी, कलेक्टर शहडोल, पुलिस अधीक्षक शहडोल, क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी.के. जेना, जिला प्रशासन, नगरपालिका धनपुरी के अधिकारी, नगरपालिका परिषद के सभापति एवं पार्षदों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले में एसईसीएल द्वारा भू-अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी उदाहरण है, जिसकी जनमानस में व्यापक प्रशंसा हो रही है।आयोजन के दौरान ग्राम बेलिया के एक, रामपुर के चार, खांडा के एक, बकही के दो, कन्दोहा के तीन एवं खैरहा के चार भू-आश्रितों सहित कुल 15 लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में भगवान दास बैगा, ठाकुर प्रसाद बैगा, विष्णु प्रसाद बैगा, अनिल कुमार गुप्ता, समीर गुप्ता, जीवन सिंह, बुधसेन, रानी बाई, रामलल्ली कोरी, संतोष कुमार कोरी, मुकेश कोरी, कीर्ति, शुभम पटेल, राम प्रसाद पटेल एवं अदिति शुक्ला शामिल हैं।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसईसीएल प्रबंधन की ओर से क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी.के. जेना, स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) बलराम हेमब्रम, आर.के. चतुर्वेदी, प्रबंधक (एचआर) संदीप सोनी सहित अन्य अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।
