Vedant Samachar

सड़क सुरक्षा पर रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन और जागरूकता अभियान, नियमों के पालन से ही बचेगी अनमोल ज़िंदगी

Vedant samachar
4 Min Read

रायगढ़, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सघन कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एक ओर जहां मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रतिदिन जांच कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों और वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज रविवार 8 फरवरी 2026 को कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने जिंदल वाहन पार्किंग परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे, जिन्हें यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटना सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को गहरे दर्द और आजीवन पीड़ा में डाल देती है। वाहन चालक की एक छोटी-सी लापरवाही जीवनभर का पछतावा बन सकती है।

उन्होंने वाहन चालकों से नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज रफ्तार से बचने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और वाहन की फिटनेस पर भी ध्यान देने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने को लेकर शासन की “राहवीर योजना” की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि यदि कोई नागरिक दुर्घटना के बाद घायल को तुरंत अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास करता है, तो उसे शासन द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ सम्मानित किया जाता है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि घायल को देखकर अनदेखा न करें, बल्कि मानवता का परिचय देते हुए आगे आएं।

इस अवसर पर थाना कोतरारोड़ का पुलिस स्टाफ भी उपस्थित रहा। रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर नागरिकों में जिम्मेदार और सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल कानून तोड़ना है, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन को भी खतरे में डालना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदार वाहन चालक बनें, यातायात नियमों का पालन करें और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं, ताकि समय पर उपचार मिल सके और अनमोल जिंदगियाँ बचाई जा सकें।

Share This Article