Vedant Samachar

कोरबा : पंचधाम शिव मंदिर घुड़देवा में श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा संपन्न

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। पंचधाम शिव मंदिर घुड़देवा, छत्तीसगढ़ कोरबा में दिनांक 8 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित श्री श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस पावन धार्मिक आयोजन के अंतर्गत श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसास्वादन कराने हेतु कथा व्यास पंडित नितिन कुमार पांडे (तिलकेजा) द्वारा प्रतिदिन कथा वाचन किया जाएगा।

आयोजन के प्रथम दिवस 8 फरवरी 2026 को पारंपरिक वैदिक विधि-विधान के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिला श्रद्धालु, युवा वर्ग एवं आयोजन समिति के सदस्य शामिल हुए। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की उपस्थिति और जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कलश यात्रा के माध्यम से यज्ञ स्थल को पवित्र किया गया, जिसके पश्चात धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की गई। श्रद्धालुओं ने यज्ञ एवं भागवत कथा के माध्यम से आध्यात्मिक शांति और पुण्य लाभ प्राप्त करने की कामना की। आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन समिति ने बताया कि 16 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ, हवन एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। समिति द्वारा समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।

Share This Article