Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ : ऑनलाइन ठगी के लिए किराये पर बैंक खाता देने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

Vedant samachar
4 Min Read

धमतरी, 07 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में ऑनलाइन ठगी के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण के तहत थाना मगरलोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पैसों के लालच में अपना बैंक खाता किराये पर देकर साइबर ठगी में सहयोग किया था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में म्यूल अकाउंट और ऑनलाइन ठगी के मामलों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त अनलॉजमेंट नंबर के आधार पर एक संदिग्ध बैंक खाते की जांच की गई। जांच में सामने आया कि 9 जनवरी को बैंक ऑफ बड़ौदा, मेघा शाखा (थाना मगरलोड) के एक खाते में 24,000 रुपये की राशि ऑनलाइन ठगी के माध्यम से जमा हुई थी।

जांच के दौरान पाया गया कि यह खाता धमेन्द्र कुमार साहू के नाम पर दर्ज है। विवेचना में पीड़िता और गवाहों के कथन दर्ज किए गए, जिनसे खुलासा हुआ कि एक व्यक्ति ने धनलक्ष्मी बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर पीड़िता का मोबाइल लिया और ऑनलाइन लोन आवेदन के बहाने फोन-पे का पासवर्ड हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी के खाते के क्यूआर कोड के माध्यम से 24,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई।

बैंक स्टेटमेंट के अवलोकन से पुष्टि हुई कि ठगी की गई राशि यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए सीधे आरोपी के खाते में आई थी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चॉइस सेंटर संचालन से संबंधित शासन की गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहा था और न ही लेन-देन से जुड़ा कोई रजिस्टर संधारित किया गया था। आरोपी ने क्यूआर कोड के माध्यम से अपने मोबाइल फोन में राशि प्राप्त करना भी स्वीकार किया, जिसके आधार पर संबंधित मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया।

पीड़िता व गवाहों के कथन और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 06/26 धारा 317(2), 317(4), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर थाना मगरलोड पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान धमेन्द्र कुमार साहू पिता भगोली राम साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी बेलोरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, यूपीआई, ओटीपी या चेकबुक किसी को न दें और आसान पैसे या कमीशन के लालच में न आएं। अनजान कॉल या संदेशों पर केवाईसी अपडेट न करें और यदि कोई व्यक्ति खाता इस्तेमाल करने का आग्रह करे तो तुरंत मना करें। किसी भी प्रकार के संदेह की स्थिति में 112 या नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल से तत्काल संपर्क करें।

Share This Article