गरियाबंद ,07 फरवरी(वेदांत समाचार)। गरियाबंद पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। थाना मैनपुर अंतर्गत ओडिशा सीमा से लगे ग्राम भालुडिग्गी व मेटाल की पहाड़ी श्रृंखलाओं में माओवादियों द्वारा डम्प कर रखे गए भारी मात्रा में ऑटोमेटिक हथियार, गोला-बारूद और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से गहन पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली थी कि प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की ओडिशा राज्य कमेटी द्वारा गरियाबंद-ओडिशा सीमा की पहाड़ियों में हथियारों का डम्प और टेक्निकल टीम का वेपन वर्कशॉप संचालित किया जा रहा था। सूचना के आधार पर 06 फरवरी 2026 को ई-30 टीम को रवाना किया गया और लगातार 36 घंटे चले सर्च अभियान में छह अलग-अलग स्थानों से हथियारों की बड़ी खेप बरामद की गई।
बरामद सामग्री में 02 नग इंसास राइफल, 01 नग .303 राइफल, 02 नग 12 बोर, 02 सिंगल शॉट हथियार, 01 देशी कट्टा, 01 सुरका (देशी बीजीएल लांचर), 127 जिंदा राउंड, 08 मैग्जीन, 22 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रिक वायर का बंडल तथा हथियार निर्माण व मरम्मत में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि यह टेक्निकल टीम माओवादी संगठन के शीर्ष नेतृत्व—मारे गए सेंट्रल कमेटी सदस्यों चलपति, मनोज और गणेश उईके—की सीधी निगरानी में काम करती थी।
गरियाबंद पुलिस द्वारा विगत डेढ़ वर्ष से संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान “ऑपरेशन विराट” के तहत 26 जनवरी 2026 से पहले धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सभी सूचीबद्ध सक्रिय माओवादियों को आत्मसमर्पण या निष्क्रिय करने में सफलता मिली थी। ताजा बरामदगी के बाद क्षेत्र में नक्सली हिंसा की संभावना को लगभग शून्य कर दिया गया है।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में अब तक गरियाबंद जिले में माओवादियों से कुल 57 हथियार (जिसमें 28 ग्रेडेड ऑटोमेटिक और 29 अन्य हथियार) तथा लगभग 300 कारतूस, 21 मैग्जीन जब्त की जा चुकी हैं। इसके अलावा 240 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 17 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 7 आईईडी बम और लगभग 100 मीटर कार्डेक्स वायर सहित अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक निर्णायक सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को और मजबूती मिली है।
