कोरबा,07 फरवरी(वेदांत समाचार)। नगर निगम की जल प्रदाय व्यवस्था एक बार फिर प्रभावित हो गई। कोहड़िया क्षेत्र में एक स्थान पर मुख्य पाइप लाइन में लीकेज होने से ओवरहेड टैंकों तक पानी पहुंचना मुश्किल हो गया और कई क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। नगर निगम का तकनीकी अमला इस फॉल्ट को ठीक करने में लगा है।
इसके बनने पर ही आपूर्ति की जानी संभव होगी। खबर के अनुसार नगर निगम के मुख्य जलोपचार संयंत्र कोहड़िया से पानी का शुद्धिकरण करने के साथ इसे निगम क्षेत्र के विभिन्न ओवरहेड टैंक तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद तय शेड्यूल में वहां से आसपास के क्षेत्रों के लिए पानी की आपूर्ति की जाती है। कोहड़िया क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्थित एक स्थान पर आज मुख्य पाइप लाइन में अज्ञात कारण से लीकेज की समस्या हुई। यह लीकेज काफी बड़ा था और इस चक्कर में यहां से बड़ी मात्रा में पानी का बहाव जारी रहा।
इसके नतीजन पाइप लाइन से ओवरहेड टैंक तक पानी पहुंचने में समस्याएं हुई। ऐसे में स्वाभाविक रूप से न तो ओवरहेड टैंक पर्याप्त स्तर तक भरे जा सके और न ही वहां से आगे जलापूर्ति की जानी संभव हो सकी। बताया गया कि बड़े हिस्से में आज सुबह पानी प्रदाय नहीं हो सका। समस्या को देखते हुए नगर निगम की जल प्रदाय शाखा के तकनीकी अमले ने समस्याग्रस्त स्थान पर आवश्यक सुधार कार्य शुरू किया है। अधिकारियों के निर्देशन में यह काम चल रहा है। कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह ने बताया कि हरसंभव कोशिश की जा रही है कि फॉल्ट को ठीक किया जाए और शाम तक संबंधित क्षेत्रों में पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
