कोरबा, 07 फरवरी (वेदांत समाचार)। शिप्रा सस्टेनेबल डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा जनवरी 2026 के दौरान कोरबा जिले में स्वास्थ्य पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर ट्रक ड्राइवरों और ऑपरेटरों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आवश्यक परामर्श सुविधाएँ उपलब्ध कराना रहा।
अभियान के दौरान नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं ब्लड प्रेशर (BP) जांच की सुविधा प्रदान की गई। BP जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को उच्च रक्तचाप के कारण, लक्षण, संभावित जोखिम और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। मौके पर ही BP की माप की गई तथा काउंसलरों द्वारा संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से संबंधित आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

कार्यक्रम के तहत कोरबा क्षेत्र के ट्रक ड्राइवरों और ऑपरेटरों को HIV/AIDS के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यह संक्रमण कैसे फैलता है, इसके प्रमुख लक्षण क्या हैं, इससे बचाव के प्रभावी उपाय कौन-कौन से हैं तथा इसके लिए उपलब्ध दवाओं और उपचार सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई। इस पहल का उद्देश्य जोखिम वाले समूहों में सही जानकारी पहुँचाकर भ्रांतियों को दूर करना और समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें ट्रक चालकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित गति, वाहन की नियमित जांच और जिम्मेदाराना ड्राइविंग व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रयास का मुख्य लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और राजमार्गों पर सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देना रहा।
इस पूरे अभियान के माध्यम से शिप्रा सस्टेनेबल डेवलपमेंट फाउंडेशन ने समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने, पुरुषों और महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति समझ को सुदृढ़ करने तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री का वितरण करने का कार्य किया। इन कार्यक्रमों से 400 से अधिक पुरुष एवं महिलाएँ लाभान्वित हुए। आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि ये सभी स्वास्थ्य कार्यक्रम बेल्जियम के शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शाही परिवार के सदस्यों की स्मृति में आयोजित किए गए, जिससे इस सामाजिक पहल को अंतरराष्ट्रीय मानवीय भावनाओं से भी जोड़ा गया।
