इंदौर, 7 फरवरी 2026। पढ़ाई के साथ कुछ नया करने की सोच रखने वाले छात्रों के लिए इंदौर में आयोजित आंत्रप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन समिट-2026 एक प्रभावी मंच बनकर सामने आया। आईपीएस एकेडमी में हुए इस आयोजन में माफिया इंक चैंपियनशिप और इंदौर स्टूडेंट आंत्रप्रेन्योरशिप कॉन्फ्रेंस-2026 के माध्यम से छात्रों को स्टार्टअप इकोसिस्टम, बिज़नेस सोच और लीडरशिप को करीब से समझने का अवसर मिला। यह इंदौर में अपनी तरह का पहला आयोजन रहा।
कार्यक्रम में माफिया इंक के संस्थापक मधुकर केशवमूर्ति, सीईओ सौरभ राठौर सहित कई स्टार्टअप लीडर्स, इन्वेस्टर्स और एजुकेशनिस्ट्स मौजूद रहे। वक्ताओं ने छात्रों को बताया कि आज करियर के रास्ते सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं हैं और छोटे शहरों से भी बड़े स्टार्टअप खड़े हो सकते हैं, बशर्ते सही गाइडेंस और एक्सपोज़र मिले।
आयोजन का मुख्य आकर्षण माफिया इंक चैंपियनशिप रहा, जिसमें इंदौर के 5 कॉलेजों के 700 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। कई चरणों के बाद 30 छात्र फाइनल में पहुंचे, जहां लाइव मैनेजमेंट गेम के जरिए उनकी निर्णय क्षमता और नेतृत्व कौशल को परखा गया। विजेताओं को कुल 1 लाख रुपए का नकद पुरस्कार, पेड इंटर्नशिप और रियल इंडस्ट्री एक्सपोज़र प्रदान किया गया।
थिंक टैंक सेशंस में छात्रों और विशेषज्ञों के बीच खुला संवाद हुआ, जिसमें असली जीवन के अनुभवों और स्टार्टअप से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि अगले चरण में मई से अगस्त के बीच 27 कॉलेजों के करीब 5 से 6 हजार छात्रों को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
यह आयोजन आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एलआईसी के सह-प्रस्तुतीकरण में हुआ, जबकि इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन, पीआर 24×7, नेक्सस इंदौर और आईपीएस एकेडमी सहयोगी संस्थाओं के रूप में जुड़े रहे।
