Vedant Samachar

रायगढ़ में फरार वारंटियों पर पुलिस का महाअभियान, 48 घंटे में 214 गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 06 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों पर शिकंजा कसने के लिए रायगढ़ पुलिस ने 48 घंटे का विशेष महाअभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत जिलेभर से कुल 214 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

जिले की कमान संभालने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अवैध शराब, जुआ-सट्टा, देह व्यापार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़ को प्राथमिकता दी। इसी क्रम में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ दबिश देने के लिए सुनियोजित रणनीति के तहत पुलिस टीमों को तैनात किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल जिले के भीतर बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों और राज्य से बाहर तक जाकर फरार वारंटियों को पकड़कर रायगढ़ लाया।

इस महाअभियान में तमनार पुलिस सबसे आगे रही, जिसने 26 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंट तामील कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इसी दौरान वर्ष 2004 के मारपीट और चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी साधुराम राठिया को 22 साल बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपी पंजाब में छिपकर रह रहा था और गांव लौटने की सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

अभियान के तहत लैलूंगा, कोतवाली, चक्रधरनगर, खरसिया, पुसौर, पूंजीपथरा, छाल, कोतरारोड, भूपदेवपुर, जूटमिल, कापू, धरमजयगढ़, घरघोड़ा सहित विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में स्थायी और गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।

एसएसपी शशि मोहन सिंह और एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में चलाया गया यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी आरोपी या वारंटी अपराध कर कानून से बच नहीं सकता। फरार आरोपियों के खिलाफ इसी तरह सघन और कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।

Share This Article