Vedant Samachar

नराईबोध में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ की धूम, चौथे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Vedant samachar
2 Min Read
Oplus_16908288

कोरबा। जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम नराईबोध में इन दिनों धार्मिक वातावरण बना हुआ है। यहां आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं। जांजगीर-चांपा जिले के जावलपुर बलौदा से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित रोहिणी प्रसाद पांडे के मुखारविंद से भागवत कथा का सुमधुर वाचन किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए आसपास के गांवों से भी ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक पहुंच रहे हैं।

कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो जाती है। श्रद्धालु भक्ति, श्रद्धा और अनुशासन के साथ कथा श्रवण कर रहे हैं। पंडित रोहिणी प्रसाद पांडे अपने प्रवचनों में श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों का सरल और भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं। वे भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव चरित्र, गजेंद्र मोक्ष सहित अनेक प्रसंगों के माध्यम से धर्म, कर्म और भक्ति का संदेश दे रहे हैं। उनके प्रवचनों से श्रोतागण भावविभोर हो उठते हैं और पूरा वातावरण भक्ति मय हो जाता है।

इस धार्मिक आयोजन का आयोजन डॉ. पी.एल. यादव द्वारा किया गया है। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा कथा में पधारे सभी श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। कथा के पश्चात सभी श्रोताओं के लिए भोजन प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें श्रद्धालु प्रेमपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजनों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

शुक्रवार को श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ का चौथा दिन चल रहा है। जैसे-जैसे कथा आगे बढ़ रही है, श्रद्धालुओं की संख्या में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। आयोजन को लेकर ग्राम नराईबोध सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने आयोजनकर्ता और कथावाचक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज को संस्कार और सद्भाव की दिशा में प्रेरित करते हैं।

Share This Article