जांजगीर-चांपा, 05 फरवरी । जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुथूर गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 8वीं कक्षा की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्रा की पहचान अंजलि पटेल (14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिल्ली गांव की रहने वाली थी।
परिजनों के अनुसार, अंजलि के माता-पिता रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहते हैं और उन्होंने अपनी दोनों बेटियों को पढ़ाई के लिए नाना-नानी के घर छोड़ रखा था। अंजलि वहीं रहकर नियमित रूप से स्कूल जा रही थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात वह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे परिजनों ने उसे कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नाबालिग छात्रा ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।



