Vedant Samachar

रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू, नॉर्थ जोन का गठन कर मयंक गुर्जर बने पुलिस उपायुक्त

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 05 फरवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर शहर में 23 जनवरी 2026 से कमिश्नरेट प्रणाली लागू कर दी गई है। इसके तहत शहर की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रायपुर को तीन जोनों में विभाजित किया गया है। इनमें रायपुर मध्य जोन, रायपुर नॉर्थ जोन और रायपुर वेस्ट जोन शामिल हैं। तीनों जोनों के लिए अलग-अलग पुलिस उपायुक्तों की नियुक्ति की गई है।

कमिश्नरेट प्रणाली के तहत रायपुर नॉर्थ जोन का प्रभार पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर को सौंपा गया है। आदेश जारी होते ही पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन का कार्यालय पुराना पुलिस मुख्यालय, सिविल लाइन, जिला रायपुर में स्थापित कर दिया गया है। नॉर्थ जोन के अंतर्गत शहर के प्रमुख और संवेदनशील थाना क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जिससे कानून-व्यवस्था और बेहतर ढंग से नियंत्रित की जा सके।

पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन के अधीन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आकाश मरकाम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त उरला के पद पर पूर्णिमा लामा की नियुक्ति की गई है। उनके अधीन खमतराई, उरला (नगर निगम क्षेत्र) और गुढ़ियारी थाना क्षेत्र रहेंगे। सहायक पुलिस आयुक्त पण्डरी के अंतर्गत पण्डरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों का प्रभार रहेगा।

पुलिस विभाग का मानना है कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी और स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा जनसुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे। नई व्यवस्था से आम नागरिकों को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जोन स्तर पर अधिकारियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय होने से अपराधों पर नियंत्रण और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा। रायपुर नॉर्थ जोन के गठन के साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है।

Share This Article