लखनऊ, 04 फरवरी 2026। भारत के अग्रणी डिजिटल वॉलेट और फिनटेक प्लेटफॉर्म वन मोबिक्विक सिस्टम्स लिमिटेड (मोबिक्विक) ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (31 दिसंबर 2025 को समाप्त) के लिए मजबूत वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं। कंपनी ने इस तिमाही में मुनाफा दर्ज किया है, जो भुगतान और वित्तीय सेवा कारोबार में बेहतर क्रियान्वयन, संचालन अनुशासन और सख्त लागत नियंत्रण का परिणाम है। यह मोबिक्विक के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि कंपनी लगातार लाभप्रदता की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में मोबिक्विक का कर पश्चात लाभ (पीएटी) 40 मिलियन रुपए रहा, जो सालाना आधार पर 593 मिलियन रुपए का मजबूत सुधार दर्शाता है। इसी अवधि में एबिट्डा 150 मिलियन रुपए दर्ज किया गया, जिसमें सालाना आधार पर 576 मिलियन रुपए का उल्लेखनीय सुधार हुआ। यह तिमाही कंपनी के लिए लाभकारी रही, जो बेहतर ऑपरेटिंग एफिशिएंसी और खर्चों पर नियंत्रण को दर्शाती है।
तिमाही के दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू 2,972 मिलियन रुपए रहा, जो सालाना आधार पर 8 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 6 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। कंट्रीब्यूशन प्रॉफिट में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला और यह 76 प्रतिशत सालाना तथा 34 प्रतिशत तिमाही वृद्धि के साथ 1,288 मिलियन रुपए तक पहुंच गया। कुल आय के अनुपात में फिक्स्ड कॉस्ट घटकर 38 प्रतिशत रह गई, जो पिछले वर्ष इसी तिमाही में 42 प्रतिशत थी।
पेमेंट्स कारोबार में मोबिक्विक ने लगातार 12वीं तिमाही में रिकॉर्ड कायम किया। कंपनी का पेमेंट्स जीएमवी 481 अरब रुपए के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया, जिसमें सालाना आधार पर 63 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यूपीआई लेनदेन में सालाना आधार पर 3.2 गुना की बढ़ोतरी हुई, जिससे मोबिक्विक भारत के यूपीआई इकोसिस्टम में सबसे तेजी से बढ़ने वाले शीर्ष 5 ऐप्स में शामिल हो गया है। कंपनी भारत में लगातार नंबर-1 पीपीआई वॉलेट के रूप में अपनी स्थिति बनाए हुए है। इस दौरान यूज़र बेस बढ़कर 186.6 मिलियन और मर्चेंट बेस 4.79 मिलियन तक पहुंच गया। मजबूत नेट पेमेंट प्रोसेसिंग मार्जिन के चलते पेमेंट्स कारोबार का सकल मार्जिन भी 37 प्रतिशत के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
वित्तीय सेवाओं के मोर्चे पर भी मोबिक्विक ने प्रभावशाली वापसी की है। बेहतर क्रेडिट क्वालिटी और वसूली की दक्षता के चलते ज़िप ईएमआई जीएमवी में सालाना आधार पर 126 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 9,000 मिलियन रुपए के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वित्तीय सेवा कारोबार का सकल लाभ 372 मिलियन रुपए रहा, जिसमें सालाना आधार पर 405 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई। नेट वित्तीय सेवा मार्जिन भी सालाना आधार पर चार गुना बढ़कर 4.13 प्रतिशत पर पहुंच गया, जो लेंडिंग कारोबार में पूरी रिकवरी का संकेत देता है।
कंपनी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मोबिक्विक की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, को-फाउंडर और सीएफओ उपासना टाकू ने कहा कि लाभदायक तिमाही कंपनी के अनुशासित कामकाज और निरंतर लागत नियंत्रण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऑपरेटिंग एफिशिएंसी और संतुलित विस्तार पर फोकस के चलते मोबिक्विक ने विकास की गति बनाए रखते हुए मुनाफा हासिल किया है। आगे भी कंपनी जिम्मेदारी के साथ अपने डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेस प्लेटफॉर्म का विस्तार कर दीर्घकालिक मूल्य सृजन के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
कुल मिलाकर, वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में मोबिक्विक का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि कंपनी मजबूत आधार के साथ लाभप्रदता की राह पर आगे बढ़ रही है और भारत में डिजिटल वित्तीय पहुंच को सशक्त करने में अहम भूमिका निभा रही है।



