5 साल की मासूम से रेप:रोते हुए मां से बोली- पड़ोस वाले अंकल घर ले जाकर गलत हरकत करते हैं; मां के अलर्ट रहने से खुलासा

भोपाल में 5 साल की मासूम से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी कई दिनों से बच्ची को खिलाने के बहाने घर ले जाता था। गुरुवार रात घर लौटी बेटी की जिप खुली होने पर मां को शक हुआ। उससे इसके बारे में पूछा। बेटी रोते हुए बोली- अंकल गलत हरकत करते हैं। मां परिजनों के साथ आरोपी के घर पहुंची, तो वह फरार हो गया। बागसेवनिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार रात इलाके में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म किए जाने की शिकायत मिली थी। तत्काल पुलिस पार्टी को आरोपी की तलाश में लगा दिया, लेकिन आरोपी फरार हो गया। आरोपी की पहचान 35 साल के राजू कुशवाह के रूप में हुई है। उसकी तलाश में टीम लगा दी गई हैं। जानकारी के मुताबिक राजू कई दिनों से बच्ची को खिलाने के बहाने अपने घर ले जा रहा था। वह पड़ोस में ही रहता है।

गुरुवार को बच्ची जब घर पहुंची, तो मां को वह कुछ गुमसुम लगी। इसी दौरान उनकी नजर बेटी के पेंट की जिप पर पड़ी। उन्होंने बच्ची इसके बारे में पूछा। मासूम ने रोते हुए मां को बताया कि राजू अंकल उसे घर ले जाकर गलत हरकत करते हैं। राजू शादीशुदा है। उसके बच्चे भी हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पास्को एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर कर ली। बच्ची पूरी तरह ठीक है।

मां ध्यान नहीं देती तो पता ही नहीं चलता

मामले का खुलासा मां की सतर्कता के कारण हो सका। बेटी के कपड़ों और उसके हाव-भाव पर मां नजर रखती है। गुरुवार को बेटी के गुमसुम और पेंट की जिप खुली होने पर उन्हें संदेह हुआ था। इसी कारण उन्हें इसका पता चल सका।