जमीन विवाद को लेकर जनपद सदस्य के पति को महिलाओं ने पीटा

कोरबा 20 जनवरी (वेदांत समाचार)।  एक जनपद सदस्य के पति को क्षेत्र की महिलाओं ने ही चप्पल से जमकर पीटा। महिला जनपद सदस्य और उसके पति निर्माण कार्य करा रहे थे, उसे रोकने महिलाएं पहुंची थी। महिलाओं का कहना था कि सरकारी जमीन पर कब्जा करते हुए मकान का निर्माण किया जा रहा। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिलाओं ने छेड़छाड़ का आरोप तो जनपद सदस्य की ओर से डकैती का आरोप लगाया गया है।

हरदीबाजार की जनपद सदस्य भवानी राठौर भाठापारा में मकान का निर्माण करा रही। 12 जनवरी को मकान निर्माण स्थल पर प्रेमा बाई, प्रीति सिदार समेत करीब एक दर्जन महिलाएं मौके पर पहुंच गई और मकान निर्माण का काम रोकने लगी। उस वक्त वहां केवल मजदूर थे। इसकी जानकारी लगने पर जनपद सदस्य भवानी व उसका पति राजेश भाग कर पहुंचे। महिलाओं ने उन्हें निर्माण काम बंद करने कहा और इसके साथ ही उनके बीच कहा सुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और महिलाएं घेर कर राजेश को न केवल लात घूंसे से बल्कि चप्पल से जमकर पीटा। बीच बचाव का प्रयास करने पर भवानी के साथ भी मारपीट की गई।

हरदीबाजार पुलिस चौकी में मामले की शिकायत करते हुए राठौर दंपति ने बताया कि किसी तरह दोनों मौके से भागे, तब जाकर उनकी जान बची। महिलाएं जिस जमीन को लेकर विवाद कर रही हैं, वह हमारी है। इसका सीमांकन भी पहले कराया जा चुका है, इसके बावजूद इसे सरकारी बताया जा रहा। भवानी ने पुलिस से शिकायत की है कि गले से सोने का चैन, मोबाइल और जेब में रखे 26 हजार रूपये भी महिलाओं ने लूट लिया। पुलिस ने इस मामले में हमला करने वाली महिलाओं के खिलाफ मारपीट व डकैती का मामला धारा 294, 323, 395, 506 पंजीबद्ध किया है।