मुंबई : साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘गदर’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे. ये फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आई थी और इसके सीक्वल के लिए फैंस को 22 सालों का इंतजार करना पड़ा था. लेकिन, गदर के अगले और तीसरे पार्ट के लिए दर्शकों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. ऐसा हम नहीं कह रहे हैं. बल्कि इसे लेकर खुद ‘गदर’ और ‘गदर 2’ की एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने बड़ा बयान दिया है.
गदर 2 की सक्सेस के बाद से ही ‘गदर 3’ की चर्चा होती रही है. कुछ दिनों पहले ही अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया पर फैंस से बात करते हुए इसे लेकर बड़ा बयान दिया था. जबकि एक बार फिर उन्होंने गदर 3 पर बड़ा अपडेट दिया है. साथ ही ‘हमराज 2’ को लेकर भी बात की है. सोशल मीडिया पर उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने इन दोनों फिल्मों पर कुछ ऐसा कहा है, जिसे सुनकर फैंस खुशी से झूम उठेंगे.
‘गदर 3’ और ‘हमराज 2’ पर क्या बोलीं अमीषा?
हाल ही में अमीषा पटेल मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आई थीं. इस दौरान एक्ट्रेस को पैपराजी ने अपने कैमरों में कैद कर लिया. वहीं उनसे हमराज 2 को लेकर पैप्स ने सवाल भी किया. उनसे पूछा गया था, ”हमराज 2 वेटिंग में है?” इसके जवाब में अभिनेत्री ने कहा, ”हमराज 2, गदर 3 सब पर काम चल रहा है.” एक्ट्रेस ने आगे बताया कि ये फिल्में जल्द ही आएंगी. अमीषा के इस वीडियो को देखने के बाद फैंस भी काफी खुश हो गए. कई फैंस ने कमेंट्स करते हुए इन फिल्मों के सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर होने का दावा किया है.
‘गदर 2’ और ‘हमराज’ ने की थी तगड़ी कमाई
हमराज साल 2002 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में अमीषा पटेल ने अक्षय खन्ना और बॉबी देओल के साथ काम किया था. अब्बास-मस्तान के डायरेक्शन में बनी इस पिक्चर ने भारत में करीब 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. जबकि इसका बजट 15 करोड़ रुपये था.
वहीं साल 2001 में आई गदर ने 18 करोड़ के बजट में वर्ल्डवाइड 132 करोड़ रुपये कमाए थे. जबकि 2022 में रिलीज हुई गदर 2 की दुनियाभर में कमाई 691 करोड़ रुपये हुई थी. ब्लॉकबस्टर साबित हुई इन दोनों फिल्मों में अमीषा ने सनी देओल के अपोजिट लीड रोल निभाया था.



