मुंबई । साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उदयपुर से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, जिसमें एक हेरिटेज लोकेशन पर भव्य शादी की तैयारियां दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आते ही दोनों सितारों की शादी को लेकर नई अटकलें तेज हो गई हैं।
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रश्मिका और विजय फरवरी महीने में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि अब तक दोनों में से किसी ने भी इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूत्रों का कहना है कि अगर शादी होती है तो यह एक बेहद निजी समारोह होगा, जिसमें सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल होंगे। वायरल वीडियो में फूलों की भव्य सजावट, सजे हुए स्टेज और शादी की तैयारियां साफ नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह लोकेशन उदयपुर का एक महलनुमा हेरिटेज स्थल है, जहां कई सेलिब्रिटीज निजी शादियां कर चुके हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद फैंस के बीच उत्साह और चर्चाएं और बढ़ गई हैं।
हालांकि रश्मिका और विजय ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया है, लेकिन लंबे समय से दोनों को एक साथ देखे जाने और अफवाहों के चलते यह चर्चा लगातार बनी हुई है। फिलहाल दोनों कलाकारों की चुप्पी के चलते यह खबर अटकलों तक ही सीमित है, लेकिन फैंस बेसब्री से आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।



