Vedant Samachar

Budget 2026 Live: वित्त मंत्रालय के लिए निकलीं निर्मला सीतारमण, आज पेश करेंगी रिकॉर्ड 9वां बजट

Vedant samachar
3 Min Read

Budget 2026 Live: रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना लगातार 9वां बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं. इकोनॉमिक सर्वे 2025–26 में देश की अर्थव्यवस्था के करीब 7% की रफ्तार से बढ़ने का अनुमान जताया गया है. जानें बजट से जुड़ी बातें यहां.

आज संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश करेंगी. इस बजट से जहां एक ओर टैक्सपेयर्स को राहत की उम्मीद है, तो वहीं दूसरी ओर मिडिल क्लास से लेकर गांव-किसान की नजरें भी केंद्र की मोदी सरकार पर टिक गईं हैं. लोकसभा की कार्यसूची के मुताबिक सदन की बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी. इस दौरान वह सरकार की अनुमानित आय और खर्च का पूरा ब्योरा सदन के सामने रखेंगी.

वित्त मंत्रालय के लिए निकलीं निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने आवास से वित्त मंत्रालय के लिए निकलीं. इसके बाद वह बजट डॉक्यूमेंट लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगी. उन्हें बजट के बारे में जानकारी देंगी.

आने वाले बजट में सरकार को नीति समर्थन जारी रखना चाहिए : अशोक चांडक

यूनियन बजट 2026–27 को लेकर इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन (IESA) और SEMI इंडिया के अध्यक्ष अशोक चांडक ने कहा कि इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन, ECMS, PLI, DLI, C2S और अन्य योजनाओं के तहत अच्छा काम हुआ है. भारत अब सिर्फ योजना बनाने वाला देश नहीं रहा, बल्कि निवेश के लिए भरोसेमंद जगह बन रहा है. उन्होंने कहा कि अब जब यह सेक्टर काम और विस्तार के चरण में है, तो आने वाले बजट में सरकार को नीति समर्थन जारी रखना चाहिए. उद्योग की मुख्य मांगें हैं—चल रही परियोजनाओं के लिए प्रोत्साहन राशि समय पर मिले, आयात पर उलटे शुल्क ढांचे को सुधारा जाए ताकि उत्पादन आसान हो और PLI के फायदे को मूल्य बढ़ाने वाले काम से जोड़ा जाए.

खुला रहेगा शेयर बाजार

केंद्रीय बजट के दिन शेयर बाजार सामान्य दिनों की तरह खुला रहने वाला है. 1 फरवरी को रविवार होने के बाद भी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और अन्य बाजारों में नियमित लाइव ट्रेडिंग सेशन होगा.

Share This Article