बिलासपुर, 31 जनवरी (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मुख्यालय बिलासपुर के इंदिरा विहार स्थित बिलासपुर भवन में 31 जनवरी 2026 को कंपनी स्तरीय कल्याण मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने की।
इस बैठक में कंपनी कल्याण मंडल के कई सम्मानित सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्यालय बिलासपुर से महेन्द्र पाल सिंह, बजरंगी साही, प्रीतम नाथ पाठक, राजेश शर्मा, अमृत लाल विश्वकर्मा और पी. चंद्रकांत शामिल हुए। इसके अलावा डी. पी. सामल (महाप्रबंधक – औद्योगिक संबंध/एनईई), सी. डी. एन. सिंह (महाप्रबंधक – वित्त), जी. श्यामला राव (महाप्रबंधक – कल्याण), भानु सिंह (महाप्रबंधक – सिविल), डॉ. अरिहंत जैन (उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसईसीएल द्वारा आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले कोल इंडिया अंतर-कंपनी हॉकी टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। टूर्नामेंट के बेहतर संचालन, आवश्यक व्यवस्थाओं, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही बैठक में कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। कर्मचारियों की सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक कल्याण योजनाओं और कार्यस्थल से जुड़े कल्याणकारी प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कर्मचारी कल्याण को एसईसीएल की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना कंपनी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी सहयोग और सकारात्मक सुझावों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और भविष्य में कर्मचारी हितों से जुड़े निर्णयों को प्रभावी रूप से लागू करने पर सहमति बनी।



