[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचीं आरपीएफ महानिदेशक रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को देखा अफसरों से कहा- नए तरीकों के अपराधों से निपटने रखें तैयारी

दुर्ग ,31 जनवरी (वेदांत समाचार)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महानिदेशक सोनाली मिश्रा शुक्रवार की शाम दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य एवं दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल भी मौजूद रहे। इस दौरान महानिदेशक के साथ महानिरीक्षक सह मुख्य सुरक्षा आयुक्त दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रायपुर तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर भी उपस्थित रहे।

दुर्ग रेलवे स्टेशन स्थित वीआईपी लाउंज में महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने दुर्ग रेंज के आईजी, एसपी दुर्ग एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेलवे सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम तथा संगठित अपराधों पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) एवं स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक के उपरांत महानिदेशक ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर एवं आरपीएफ पोस्ट दुर्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफार्मों पर स्थापित निगरानी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, ट्रेनों में सुरक्षा प्रबंध, यात्रियों की सुविधाओं तथा वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और यात्रियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान किया जाए।

महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलती परिस्थितियों और अपराध के नए तरीकों को देखते हुए आरपीएफ को न केवल सशक्त बल्कि तकनीकी रूप से भी अत्याधुनिक और प्रशिक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए जीआरपी व स्थानीय पुलिस के साथ समन्वित और प्रभावी कार्रवाई बेहद जरूरी है।

[metaslider id="133"]