कोरबा, 29 जनवरी (वेदांत समाचार)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पाली के केराझरिया में आगामी 15 एवं 16 फरवरी को आयोजित होने वाले दो दिवसीय पाली महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित नोडल अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर समग्र तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, बैरिकेडिंग एवं बैठक व्यवस्था को लेकर विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी बैठक, विभागीय स्टॉल, कलाकारों के लिए मंच पर आवश्यक तकनीकी एवं अन्य सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था, शौचालय, कलाकारों के ठहरने की सुविधा तथा प्रवेश पास से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और दर्शकों की सुविधा के अनुरूप रखने पर विशेष जोर दिया।
संभावित वीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने हेलीपैड की तैयारियों की जानकारी ली तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



