कोरबा,29 जनवरी (वेदांत समाचार)। कोरबा में नगर सैनिकों के लगातार विरोध के बाद जिला सेनानी अनुज एक्का को रायपुर अटैच कर दिया गया है। उनके स्थान पर गुरुवार को योगिता साहू ने जिला सेनानी का प्रभार संभाला। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने सैनिकों के साथ एक सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान योगिता साहू ने सैनिकों को सामंजस्य के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी समस्या का निराकरण किया जाएगा। नवपदस्थ जिला सेनानी ने कहा कि विभाग की छवि धूमिल हो रही है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है। जिला सेनानी योगिता साहू 2017 से विभाग में सेवा दे रही हैं।
उन्होंने साढ़े चार साल तक जशपुर जिले में सेवाएं दीं। इसके बाद उनका तबादला जांजगीर-चांपा जिले में हुआ, जहां वे पिछले दो साल से सक्ती जिले का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं। कोरबा में तैनात नगर सैनिक पिछले दो माह से पूर्व जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। सैनिकों ने उच्च अधिकारियों से शिकायतें भी की थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थिति तब गंभीर हो गई जब बर्खास्तगी से परेशान एक सैनिक ने जहर का सेवन कर लिया। इस घटना के बाद मंगलवार को आक्रोशित सैनिक धरने पर बैठ गए।
खबर मिलते ही विभाग के उच्च अधिकारी एक्टिव हुए। उन्होंने जांजगीर-चांपा की जिला सेनानी योगिता साहू को कोरबा का प्रभार संभालने का आदेश जारी किया। प्रभार संभालने के तुरंत बाद आयोजित सम्मेलन में महिला और पुरुष सैनिकों ने अपनी समस्याएं बताईं। जिला सेनानी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सभी सैनिक उनके लिए समान हैं। उन्होंने सैनिकों से कहा कि वे अपनी समस्याओं की जानकारी सीधे उन्हें दे सकते हैं और उन्हें कभी भी सामंजस्य की कमी महसूस नहीं होगी। सैनिकों ने अपने एक साथी की बर्खास्तगी का मुद्दा भी उठाया, जिसे जिला सेनानी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने सैनिकों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने का आग्रह किया।



