Vedant Samachar

ममता के बाद अब खरगे ने भी की प्लेन हादसे की जांच की मांग

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,29 जनवरी । महाराष्ट्र् के डिप्टी सीएम अजित पवार का बारामती के पास विमान हादसे में निधन हो गया। इस निधन से जहां राजनीतिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी विमान हादसे की जांच की मांग की है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “हम इस हादसे की जांच की मांग करते हैं। यह बहुत दुखद घटना है। अजीत पवार की असमय मौत हो गई। एक मेहनती इंसान के चले जाने से हम सब सदमे में हैं। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं।”

ममता बनर्जी ने हादसे पर उठाए सवाल

इससे पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी इस विमान हादसे पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अजित पवार, शरद पवार की पार्टी में वापस लौटने वाले थे। प्लेन हादसे की जांच कराई जाए। एजेंसियां बिकी हुई हैं, इसलिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच हो।

” उन्होंने कहा, “कुछ दिनों में अजित पावर अपने पुराने गुट में लौटने वाले थे। उससे पहले ही यह हादसा हुआ। देश में लोगों की कोई सुरक्षा नहीं हैं। पहले अहमदाबाद में इतने लोगों की जान गई और अब इस हादसे में अजित पवार की जान गई। देश के नेता लोग समय कम होने की वजह से चार्टर्ड फ्लाइट में सफर करते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा का क्या? हम इस हादसे से काफी परेशान हैं। हमारे पास शब्द नहीं हैं । सुप्रीम कोर्ट के सुपरविजन में इस हादसे की जांच होनी चाहिए।”

सुबह 8.50 बजे हुआ हादसा

बता दें कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की आज सुबह बारामती के पास विमान हादसे में मौत हो गई। पवार पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के लिए चार रैलियों को संबोधित करने के लिए सुबह मुंबई से रवाना हुए थे। मृतकों में चालक दल के दो सदस्य भी शामिल हैं। विमान सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और देश के विभिन्न दलों के कई अन्य नेताओं ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया।

Share This Article