बिलासपुर, 28 जनवरी (वेदांत समाचार)। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिल सहित लाखों रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जनवरी 2026 को प्रार्थी अमन सिंह बघेल निवासी दयालबंद, लाल चंदानी हॉस्पिटल के सामने, बिलासपुर ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जनवरी की रात उनकी रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। इस पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 42/26 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी तेज की। 27 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि शनिचरी हैप्पी स्ट्रीट के पास तीन युवक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया और थाना लाकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी हरिओम जोशी के साथ मिलकर बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों से कई मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रॉयल एनफील्ड बुलेट, एनएस पल्सर और जावा 42 एफजे सहित कुल 5 मोटरसाइकिल बरामद कीं। इसके अलावा सुने मकान में की गई चोरी से संबंधित रूम हीटर, साउंड बॉक्स, एलईडी टीवी, कैमरा, चांदी की पायल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा चोरी में प्रयुक्त हथौड़ी, मास्क और कटर भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष एक्का पिता एल्सन एक्का उम्र 20 वर्ष निवासी दीनदयाल कॉलोनी मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। उसके साथ पकड़े गए दो अपचारी बालकों को भी विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रकरण का एक अन्य आरोपी हरिओम जोशी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली, एसीसीयू बिलासपुर, थाना संकरी और मोपका पुलिस की संयुक्त टीम का सराहनीय योगदान रहा है।
