कोरबा,28 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के तहत उरगा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत केबल चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी गया एल्यूमिनियम केबल एवं तार बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को वैष्णव ट्रेडिंग कंपनी के प्रोप्राइटर ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम लबेद में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत विद्युत विभाग के लिए केबल कन्वर्जन कार्य पूर्ण होने के बाद सामग्री गोदाम में रखी गई थी।
26 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम से लगभग 400 मीटर एल्यूमिनियम केबल (70 स्क्वायर) तथा करीब 400 किलोग्राम एल्यूमिनियम तार चोरी कर लिया, जिसकी कुल कीमत लगभग 2.13 लाख रुपये आंकी गई।

मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और संदेह के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गया संपूर्ण माल जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी मदन अग्रवाल निवासी कोरकोमा रोड झगरहा (रामपुर), सुरेश कुमार सोहा (हरियाणा), संजय मंडावर (हरियाणा), सचिन बागड़ी (हरियाणा), अर्जुन गोड़ (पाली, कोरबा) तथा सागर कुमार बरेठ (जांजगीर-चांपा) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्युत संपत्ति की चोरी एवं संगठित अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



