रायपुर, 28 जनवरी 2026।युवाओं में तेजी से बढ़ते नशे के प्रचलन पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के कड़े निर्देशों तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के मार्गदर्शन में नॉर्थ जोन पुलिस की टीमों ने गांजा सेवन में प्रयुक्त होने वाले ‘गोगो पेपर’ (Rolling Paper) और हुक्का सामग्री के अवैध कारोबार का खुलासा किया है।
इस कार्रवाई के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित पान ठेलों, गुमटियों और दुकानों पर दबिश देकर करीब 2 लाख रुपये मूल्य के गांजा पीने में उपयोग किए जाने वाले रोलिंग पेपर और चिलम जप्त किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सामग्री विशेष रूप से युवाओं को गांजा (Marijuana) पीने के लिए उपलब्ध कराई जा रही थी, जिससे उनका स्वास्थ्य और भविष्य दोनों खतरे में पड़ रहे थे।कार्रवाई के दौरान यह भी पाया गया कि कई दुकानदार शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिबंधित तंबाकू एवं नशे से जुड़ी सामग्री खुलेआम बेच रहे थे।

इस पर COTPA एक्ट (Cigarette and Other Tobacco Products Act) के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए 09 दुकानों/संस्थानों को सील कर बंद कराया गया। यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस और नगर निगम की टीम द्वारा की गई।अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन पुलिस की टीमों ने पूरे नेटवर्क की गहन जांच की। जांच के दौरान न केवल खुदरा विक्रेताओं पर कार्रवाई की गई, बल्कि इस अवैध कारोबार की सप्लाई चेन (Backward Linkage) को भी ट्रैक किया गया।पूछताछ में यह सामने आया है कि शहर में बिक रहे रोलिंग पेपर और हुक्का फ्लेवर की खेप कुछ थोक विक्रेताओं और सप्लायरों के माध्यम से पहुंचाई जा रही थी।

पुलिस ने इन मुख्य स्रोतों की पहचान कर ली है और जल्द ही उनके खिलाफ भी छापेमारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।रायपुर पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना पुलिस की प्राथमिकता है और इस तरह के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में शहरभर में इस तरह के विशेष अभियान और तेज किए जाएंगे।



