[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

बेमेतरा की नवपदस्थ कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने संभाला कार्यभार, संयुक्त कार्यालय का किया निरीक्षण

बेमेतरा,22 दिसंबर (वेदांत समाचार)। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए संयुक्त कार्यालय बेमेतरा का निरीक्षण किया। अपने पहले ही दिन कलेक्टर ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, विभागीय कार्यप्रणाली तथा आमजन से जुड़ी सेवाओं की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने विभिन्न विभागों के कक्षों में जाकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने फाइलों के निस्तारण की प्रक्रिया, समय-सीमा में कार्य पूर्ण होने की स्थिति तथा नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।

कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण, डिजिटल कार्यप्रणाली और अनुशासन बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और जिले के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि जनता का विश्वास कायम रखा जाए और सुशासन की भावना के अनुरूप कार्य किया जाए।

[metaslider id="133"]