रायगढ़ ,28 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में धान खरीदी के लिए टोकन जारी न होने से कई गांवों के किसान परेशान हैं। खरीदी सीजन अंतिम चरण में पहुंच चुका है, ऐसे में टोकन नहीं मिलने से किसान अपनी उपज बेच पाने को लेकर चिंतित और नाराज़ दिखे।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे कोतरा से रायगढ़ मुख्य मार्ग पर 6 से 7 सोसाइटी क्षेत्रों के किसान एकत्रित हुए। टोकन नहीं कटने के विरोध में किसानों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में भरतपुर, कोतरा, कोड़तराई, धनागर, कांटा हरदी, भातपुर, नंदेली समेत आसपास के गांवों के किसान शामिल थे। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते टोकन जारी नहीं हुए तो वे अपनी धान बेचने से वंचित रह जाएंगे।
विधायक उमेश पटेल पहुंचे समर्थन में
किसानों के आंदोलन की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा की और उनकी मांगों का समर्थन जताया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने किसानों को भरोसा दिलाया कि जिन किसानों के टोकन शेष हैं, उन्हें जल्द जारी किया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, लेकिन वे मौके से हटने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना है कि टोकन कटने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही वे पूरी तरह लौटेंगे।घरघोड़ा ब्लॉक के अमलीडीह क्षेत्र में भी किसानों ने चक्काजाम की तैयारी की थी। यहां भी टोकन जारी न होने की समस्या सामने आई थी।
एसडीएम–तहसीलदार की समझाइश के बाद टला आंदोलन
घरघोड़ा एसडीएम और तहसीलदार ने किसानों से चर्चा कर आश्वासन दिया है कि सभी लंबित टोकन जारी किए जाएंगे। इसके बाद किसानों ने अपना प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया।



