Vedant Samachar

अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर हादसा, 3 की मौत धान लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को मारी टक्कर

Vedant Samachar
3 Min Read

अंबिकापुर-बिलासपुर ,28 जनवरी (वेदांत समाचार)। अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे-130 पर दो सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। मंगलवार (27 जनवरी) रात उदयपुर के सलबा में धान लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवार 2 युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की जान चली गई, मृतकों में एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं कुंवरपुर के पास पैदल घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों हादसे में शामिल गाड़ियां और आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

महेंद्र यादव (16 वर्ष), निवासी अरगोती।
विजय लाल यादव (19 वर्ष), निवासी परपटिया मैनपाट।
जियाउद्दीन अंसारी (25 वर्ष) ड्राइवर, निवासी लखनपुर।
2 युवकों के सिर फटने से गई जान

जानकारी के मुताबिक, 27 जनवरी की रात करीब 9 बजे लखनपुर से उदयपुर के डांडगांव की ओर जा रहे बाइक सवारों को सलबा मोड़ के पास धान लोड ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक और दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं थी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिजन उदयपुर पहुंच गए हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।

पैदल चल रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला

वहीं, दूसरे हादसे में नेशनल हाईवे में कुंवरपुर के पास 27 जनवरी की रात पैदल चल रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। लखनपुर के वार्ड क्रमांक 5 का निवासी जियाउद्दीन अंसारी (25 वर्ष) पेशे से ड्राइवर है। वह अपने अन्य दोस्तों के साथ छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुंवरपुर गया था। उसके दोस्त खाना खाने के बाद लौट आए। जियाउद्दीन रात करीब 10.30 बजे वापस लखनपुर जाने के लिए निकला। वह पैदल ही नेशनल हाईवे में चल रहा था। कुंवरपुर में जय बजरंग ट्रेडिंग सेंटर के सामने उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर उसे एम्बुलेंस की टीम ने लखनपुर हॉस्पिटल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से एक्सीडेंट करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

Share This Article